पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा मैत्री कार्यकर्ताओं को वितरित की गई किट
रायसेन । रायसेन स्थित जिला पशुपालन एवं डेयरी विभाग कार्यालय में उप संचालक डॉ प्रमोद अग्रवाल द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों में प्रशिक्षित 08 मैत्री कार्यकर्ताओं को किट वितरित किए गए। किट वितरण के पश्चात् अब ये मैत्री अपने- अपने ग्राम पंचायत क्षेत्र में जाकर प्राथमिक पशु चिकित्सा एवं कृत्रिम गर्भाधान कार्य कर सकेंगे, जिससे पशुपालकों को प्राथमिक उपचार उनके निवास पर ही सुलभता से प्राप्त हो सकेगा। साथ ही मैत्री कार्यकर्ता को स्वरोजगार प्राप्त होगा।
उप संचालक डॉ अग्रवाल ने बताया कि मैत्री भारत सरकार की राष्ट्रीय गोकुल मिशन अति महत्वकांक्षी योजना है। इसके अंतर्गत विभिन्न चरणों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक 1 मैत्री कार्यकर्ता स्थापना की जानी है। मैत्री एक स्वरोजगार योजना है, जिसके तहत् प्रत्येक ग्राम पंचायत से एक शिक्षित बेरोजगार को प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण उपरांत प्राथमिक उपचार एवं कृत्रिम गर्भाधान कर पशुपालकों से शुल्क प्राप्त कर सकता है तथा उनके द्वारा किए गये टीकाकरण कार्य एवं कृत्रिम गर्भाधान कार्य का मानदेय भी शासन द्वारा उनके किए गये कार्य की गणना के उपरांत दिया जाता है। वर्तमान में रायसेन जिले में 147 ग्राम पंचायतों में मैत्री की स्थापना की चुकी है जो कि निरंतर विभिन्न चरणों में शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों में कर दी जाएगी।



