पीएम मोदी के भाई प्रहलाद मोदी की कार दुर्घटनाग्रस्त
मैसूर । कर्नाटक के मैसूर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रहलाद मोदी की कार दुर्घटना की शिकार हो गई है।
जानकारी के मुताबिक कार में प्रहलाद मोदी के साथ उनका एक बेटा और बहू भी थे। तीनों लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि दुर्घटना मैसूर तालुक के कड़ाकोला के पास हुई। प्रहलाद मोदी अपनी मर्सिडीज बेंज कार से बेंगलुरू से बांदीपुर की ओर जा रहे थे। कार में सवार प्रहलाद मोदी के बेटा, बहू और पोता भी उनके साथ थे।
हादसे में प्रहलाद मोदी, उनकी बहू और पोते को गंभीर चोटें आई हैं। बेटे और ड्राइवर मामूली चोट लगी है। मैसूर एसपी सीमा लटकर तत्काल मौके पर पहुंचीं। घायलों को तुरंत मैसूर के जेएसएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। बता दें कि प्रहलाद मोदी गुजरात फेयरप्राइस शॉप्स एंड कैरोसीन लाइसेंस होल्डर एसोसिएशन के प्रमुख हैं। हाल ही में मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने आए प्रहलाद मोदी ने कहा था कि गुजरात में मुफ्त वाले आते हैं और चले जाते हैं। उन लोगों को गुजरात की जनता ने बताया है कि गुजरात देने वाला है, लेने वाला नहीं। इसी कारण गुजरात के लोगों ने भाजपा को चुना है। उन्होंने कहा था कि 2024 में भी सत्ता भारतीय जनता पार्टी की ही रहेगी। हमारे मुखिया नरेंद्र भाई ही रहेंगे।



