सिलवानी में अखिल भारतीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता जारी, भोपाल टीम का दबदबा

सिलवानी। शिवाजी नवयुवक ग्रुप सिलवानी के तत्वावधान में अखिल भारतीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय कॉलेज ग्राउंड सिलवानी में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों की टीमों की सहभागिता देखने को मिल रही है। प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार 1 लाख 1 रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये रखा गया है।
प्रतियोगिता के छठवें दिन दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिन का पहला मैच भोपाल और सिलवानी के बीच खेला गया। भोपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 115 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सिलवानी की टीम 55 रन ही बना सकी और भोपाल ने शानदार जीत दर्ज की।
दूसरा मुकाबला भोपाल और जुनिया के बीच हुआ। जुनिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 6 ओवर में 47 रन बनाए, लेकिन भोपाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
तीसरा मुकाबला बाड़ी और भोपाल के बीच खेला गया। बाड़ी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 46 रन बनाए, जिसे भोपाल ने 2.1 ओवर में ही हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत उपस्थित रहेंगे।



