रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ गूंजा जय-जय श्रीराम, आतिशबाजी के साथ राममय हुई सिलवानी

शोभा यात्रा का विभिन्न स्थानों पर किया गया अभूतपूर्व स्वागत
पूरे नगर को बैनर, भगवा झंडियों और स्वागत द्वार से सजाया गया
श्रीराम और हनुमान की आकर्षक झांकियों के साथ बालिकाएं और महिलाए कलश लेकर निकली
सिलवानी । अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर सोमवार को नगर सहित सम्पूर्ण अंचल राममय हुआ। नगर के मंदिरों में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा से लेकर दीपोत्सव, अखंड रामायण, सुंदरकांड पाठ, भजन-, कीर्तन भंडारे और अयोध्या के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण को देखा गया। नगर के समस्त व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर सामाजिक सौहार्द की मिशाल प्रस्तुत की। वही घरों के सामने रंगोली बनाई और शाम आतिशबाजी कर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
500 वर्षो के संघर्ष के बाद श्रीराम जन्मभूमि पर श्री रामलला को दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान होने का उत्साह देखते ही बन रहा था, सभी इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाते नजर आए। नगर के बजरंग चौराहा स्थित श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर से श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई जो नगर के मुख्य मार्गों गांधी चबूतरा, पुराना बस स्टैंड, गांधी आश्रम, शिवाजी नगर से होते हुए पुनः गांधी चबूतरा, आजाद मार्केट, बुधवारा बाजार, होली चौक, से श्रीराम मंदिर जमुनियापुरा पहुंची।
शोभायात्रा में रथ पर श्रीराम सीता लक्ष्मण सहित हनुमान जी की भव्य झांकी सजाई गई। शोभायात्रा का नगर के नागरिकों विभिन्न समाजों के वरिष्ठ नागरिकों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर जमकर आतिश बाजी की, आरती उतारकर झांकी की पूजा अर्चना की। शोभायात्रा में अखाड़े में युवक कसरती करतबों का प्रदर्शन करते चल रहे थे। युवा महिलाएं जय श्री राम के नारे कि उद्घोष के साथ चल रहे थे, अयोध्या के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन हिन्दू उत्सव समिति, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी एवं नगर के अन्य धार्मिक संगठनों एवं नगर के नागरिकों के द्वारा निकाला गया। नगर के सभी मंदिरों को भगवा झंडों से सजाया गया रात्रि एवं दिन भर धार्मिक आयोजन एवं भंडारो का कार्यक्रम चलता रहा। शोभायात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस अमला, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य मुस्तेदी के साथ तैनात रहे।
एसडीएम प्रकाश नायक एसडीओपी अनिल सिंह मौर्य, तहसीलदार डॉ. हर्ष विक्रमसिंह पुलिस बल के साथ शोभा यात्रा के आगे पीछे व्यवस्थाओं में लगे दिखाई दिए। पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपालसिंह राजपूत, विधायक देवेंद्र पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं हिंदू उत्सव समिति पदाधिकारी सहित गणमान्य नागरिक और अपार्जन समूह शोभायात्रा में शामिल रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद का वितरण किया गया।



