क्राइम

रेत माफिया ने पटवारी को कुचला, मौके पर मौत, अवैध खनन रोकने गए थे

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
शहडोल । एमपी के शहडोल में खनन माफियाओं का तांडव जारी है। सोन नदी में हो रहे रेत के अवैध खनन को रोकने गए पटवारी को माफिया ने ट्रैक्टर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। यह घटना आधी रात की है।
देवलोंद पुलिस ने बताया कि ब्यौहारी तहसील के खड्डा में पदस्थ पटवारी प्रसन्न सिंह बघेल तहसीलदार के आदेश पर अपने तीन अन्य पटवारी साथियों के साथ सरकारी वाहन से पेट्रोलिंग करते रेत के अवैध खनन को रोकने गए थे। तभी गोपालपुर गांव में खनन माफियाओं ने पटवारी के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाकर उसे मार डाला। पुलिस और प्रशासन के सहयोग से जिले में रेत और कोयले का अवैध खनन पिछले कई महीनों से जारी है।
बीती रात लगभग 12 बजे पटवारी अपने अन्य साथियों के साथ गोपालपुर के सोन नदी घाट पहुंचे। वहां अवैध खनन जारी था, कई ट्रैक्टर रेत के अवैध परिवहन में लगे थे। उनमें से एक ट्रैक्टर को पटवारी प्रसन्न सिंह ने रोक लिया था, तभी माफिया के इशारे पर ड्राइवर अचानक पटवारी के ऊपर से ट्रैक्टर चढ़ाते हुए स्थल से भाग गया।
रात पर घाट पर ही पड़ा रहा शव
स्थानीय लोगों ने बताया कि खनन माफिया पटवारी को कुचलने के बाद मौके से भाग खड़ा हुआ। अन्य अवैध खनन कारी भी फरार हो गए। साथी पटवारियों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी, इसके बाद भी शव रात भर घाट पर ही पड़ा रहा।
जिले में रेत और कोयले का अवैध खनन जोरों पर है। शविवार को खनिज विभाग ने कार्रवाई का कोरम पूरा करने के लिए 250 घन मीटर लावारिश रेत जब्त किया, लेकिन किसी खनन माफिया के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई। देवलोंद थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि पटवारी के ऊपर चढ़ाने वाले ट्रैक्टर को पकड़ लिया गया है। चालक भी हिरासत में ले लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button