सरपंच व सहायक सचिव ने खून देकर बचाई किसान की जान
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । टप्पा सुल्तानगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरहारी में एक किसान का पैर खेत की जुताई कराते समय रोटावेटर की चपेट में आ जाने से वह गंभीर घायल हो गया। रक्त स्त्राव अधिक होने से उसे प्राथमिक उपचार के बाद सागर रेफर किया गया जहां निजी अस्पताल में उसकी जान बचाने के लिए खून की आवश्यकता बताई गई जैसे ही यह जानकारी गांव में पहुंची तो सरपंच और सहायक सचिव ने रात्रि में ही पहुंचकर एक एक यूनिट खून देकर किसान की जान बचाने का काम किया। दोनों के इस कार्य की सभी तरफ प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार के दिन उमरहारी गांव के किसान रामगोपाल कुशवाहा का पैर खेत की जुताई करवाते समय रोटावेटर की चपेट में आ गया था जिससे किसान गंभीर रूप से घायल हो गया । किसान को सागर के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां पर डॉक्टर ने मरीज को ब्लड की आवश्यकता बताई थी। जिसके बाद उमरहारी ग्राम पंचायत के सहायक सचिव अर्पित सिंह राजपूत एवं सरपंच हरिनंदन सूर्यवंशी रात में ही गांव से सागर पहुंचे और दोनों ने एक एक यूनिट रक्तदान कर किसान की जान बचाने का कार्य किया।
उल्लेखनीय है कि पंचायत में सरकार की योजनाओं और अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधि के रुप में सरपंच को चुना जाता है। जो ग्रामीण क्षेत्र के विकास की पहली सीढ़ी कहलाता है वही शासकीय कार्यों के क्रियान्वयन के लिए सहायक सचिव अपनी सेवाएं देता है। लेकिन जब गांव के किसी व्यक्ति के जान बचाने की बात आती है तो अच्छे-अच्छे पीछे हट जाते हैं लेकिन ग्राम पंचायत के सरपंच और रोजगार सचिव ने गांव के किसान की जान बचाने के लिए रात में ही मोटरसाइकिल से सागर का सफर किया और तत्काल पहुंचकर एक एक यूनिट रक्त देकर किसान की जान बचा ली सरपंच और सहायक सचिव के इस कार्य की सभी लोग प्रशंसा कर रहे हैं।



