हिंदू उत्सव समिति ने एसडीएम को सौंपा राज्यपाल के नाम ज्ञापन
रायसेन । हिंदू उत्सव समिति रायसेन एवं हिंदू समाज के लोगों द्वारा आज उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी के महामंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के विरोध में राज्यपाल के नाम रायसेन एसडीम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रचित श्री रामचरित मानस सनातन हिन्दु धर्म की आस्था का प्रतीक है एवं प्रत्येक सनातनी की प्राणवायु है। देश के कुछ विकृत प्रवृत्ति के लोगों द्वारा रामचरित मानस में रचित चौपाईयों की गलत व्याख्या कर देश में सनातन धर्म को नीचा दिखाने की चेष्टा की जा रही है। कुछ दिनों पूर्व उत्तरप्रदेश में समाजवादी पार्टी के महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा श्री रामचरित मानस की एक चौपाई की गलत व्याख्या कर जातिगत एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की चेष्टा की गई तथा श्रीरामचरित मानस पर अभद्र टिप्पणी की तथा प्रतियों को जलाया गया। जिससे संपूर्ण हिन्दू समाज आहत हुआ है एवं हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंची है जिसकी संपूर्ण हिन्दु समाज घोर भर्त्सना करता है। ज्ञापन में मांग की गई है कि स्वामी प्रसाद मौर्य को शीघ्र अति शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए।



