सिलवानी में श्रद्धा और भक्ति के साथ शुरू हुए चैत्र नवरात्रि पर्व
सिलवानी। नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में चैत्र नवरात्रि पर्व श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ प्रारंभ हो गया है। शक्तिदायिनी माँ दुर्गा की आराधना के इस पावन अवसर पर नगर के अनेक मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विधि-विधान से ज्वारा एवं घट स्थापना की गई।
नवरात्रि के प्रथम दिन से ही मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। प्रातः काल से ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में माता रानी के दर्शन के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं। भक्तजन विधिवत पूजन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
नगर के प्रमुख देवी मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया है। वहीं, कई स्थानों पर भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
श्रद्धालु पूरे नौ दिनों तक व्रत रखकर माँ दुर्गा की उपासना करेंगे। प्रशासन एवं स्थानीय समितियों द्वारा भी मंदिरों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



