जैसीनगर की घटना की न्यायिक जांच की मांग को लेकर कुशवाहा विकास मंच ने सौंपा ज्ञापन

ब्युरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । गत दिनों जैसीनगर में पुलिस अभिरक्षा में कीर्तेश पटेल (कुशवाहा) की मौत की न्यायिक जांच की मांग को लेकर कुशवाहा विकास मंच द्वारा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में एक ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम का तहसीलदार एनएस परमार को सौंपा ।
ज्ञापन में बताया गया है कि जैसीनगर जिला सागर के ग्राम सेमरा गोपाल के निवासी कीर्तेश पटेल (कुशवाहा) को एक नवम्बर 2022 को जैसीनगर पुलिस द्वारा किसी मामले में हिरासत में लेकर थाने में मारपीट की गई। | जिसमे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई, जिससे कारण पुलिस अभिरक्षा में संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। जिसको पुलिस बंदी गृह में फांसी पर लटका कर आत्महत्या बता रही है। शव का पोस्ट मार्टम जांच भी सही ढंग से नही कराई गई, अर्थात किसी भी प्रकार की वीडियोग्राफी नहीं कराई गई। जब परिवार द्वारा इस का विरोध किया गया तो पुलिस ने मृतक के परिवार पर लाठी चार्ज कर भाई पैदा किया और परिवार को डरा धमका कर बिना अनुमति के शव को जला दिया । जिससे प्रतीत होता है कि उसकी मौत पुलिस की मारपीट के कारण हुई है। उक्त घटना से सम्पूर्ण मध्य प्रदेश में कुशवाहा समाज के अंदर रोष व्याप्त है।
तहसील कुशवाहा समाज मुख्यमंत्री से मामले की न्यायिक जांच की मांग करता है साथ ही मृतक के परिवार को 1 करोड रू अर्थिक सहायता देने, मृतक के परिवार में किसी 1 सदस्य को शासकीय नौकरी देने, मृतक के परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने और जांच के बाद जो भी दोषी हो उनपर धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग करता है । ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि म्र प्र शासन ने 7 दिन के भीतर उक्त मांगो को पूरा नहीं किया तो तहसील कुशवाहा समाज सहित प्रदेश संगठन पूरे मध्य प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी मध्य प्रदेश शासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रमुख जनों में जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कुशवाह, तहसील शाखा अध्यक्ष अमर सिंह शाक्य, युवा नगर अध्यक्ष आकाश कुशवाहा, ग्रामीण अध्यक्ष अशोक कुशवाहा, प्रदेश उपाध्याक्ष पहलाद कुशवाहा, परषोत्तम कुशवाहा से अनेकों लोग शामिल थे।



