एमसीडी में आप को बहुमत मिलने पर केजरीवाल ने किया आभार व्यक्त

रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
नई दिल्ली । पिछले 15 सालों से दिल्ली नगर निगम में काबिज भाजपा को शिकस्त देकर आम आदमी पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया है। 250 सीटों वाले एमसीडी में आप के 134 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर ली है, जो बहुमत से ज्यादा हैं। भारतीय जनता पार्टी ने 104 सीटें जीती हैं। कांग्रेस ने भी नौ सीटों पर जीत हासिल की। वहीं तीन सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया है।
एमसीडी में जीत पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को बधाई दी। पार्टी ऑफिस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- दिल्ली की जनता ने अपने बेटे और भाई को दिल्ली की सफाई और भ्रष्टाचार खत्म करने की जिम्मेदारी दी है। हमें केंद्र सरकार का भी सहयोग चाहिए। प्रधानमंत्री जी का भी आशीर्वाद चाहिए। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं दिल्ली के लोगों के बहुत बधाई देना चाहता हूं। इतनी बड़ी और शानदार जीत के लिए, इतने बड़े बदलाव के लिए मैं दिल्ली के लोगों को बधाई देना चाहता हूं। मैं दिन रात मेहनत करके कोशिश करूंगा की आपके इस भरोसे को कायम रखूं। आई लव यू टू। जितने उम्मीदवार जीते हैं, उनको बहुत-बहुत बधाई।
आम आदमी पार्टी, बीजेपी, कांग्रेस और निर्दलीय को भी बधाई हारने वालों को मायूस नहीं होना है। केजरीवाल ने कहा कि सभी प्रत्याशी, सभी पार्टियों से कहता हूं कि राजनीति आज तक है। सबको मिलकर दिल्ली ठीक करनी है। बीजेपी का भी सहयोग चाहता हूं। कांग्रेस का भी सहयोग चाहता हूं। सबके सहयोग और लोगों को मिलकर दिल्ली को ठीक करूंगा। 250 पार्षद किसी पार्टी के नहीं, दिल्ली के पार्षद हैं। आज के बाद सभी पार्टियां सहयोग करेंगी। जिन लोगों ने वोट दिया, उनका बहुत-बहुत शुक्रिया। जिन्होंने वोट नहीं किया, पहले उनके काम करवाऊंगा।



