मध्य प्रदेश

करोड़ो के कार्य में न तराई न मॉनिटरिंग, बनने के साथ ही दरकने लगी नालियां

पुलिया निर्माण के कार्य मे भी लीपापोती
मुख्य सड़क चौड़ीकरण कार्य में लापरवाही

रिपोर्टर : राकेश गौर
गैरतगंज। नगर में बीते कुछ माह से चल रहे सड़क चौड़ीकरण के करोड़ो के कार्य मे अधिकारियों की बेरुखी का फ़ायदा निर्माण एजेंसी द्वारा धड़ल्ले से उठाया जा रहा है। करोड़ो के इस कार्य में न तो तराई का अता पता है और न ही गुणवत्तापूर्ण सामग्री का कुछ पता है। अधिकारी मॉनिटरिंग के अभाव में निर्माण कार्य शुरुआती दौर में कई स्थानों पर जर्जर होने लगा है।
         नगर में सुगम आवागमन एवं सुंदरता के लिए शासन स्तर से करोड़ो की राशि सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रस्तावित हुई थी। इस कार्य के निर्माण का ज़िम्मा एमपीआरडीसी को दिया गया। तथा बीते 6 माह पूर्व सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ भी कराया गया। परन्तु शुरुआती दौर से ही अधिकारियों की बेरुखी के चलते करोड़ो के निर्माण में ठेकेदार पलीता लगा रहा है। सड़क के दोनों तरफ लगभग 5 किलोमीटर के क्षेत्र में क्रांकीट नालियों का निर्माण किया गया है नालियों के निर्माण में ठेकेदार ने पहले दोयम दर्जे की सामग्री का जमकर उपयोग किया तथा स्टीमेट के विपरीत लोहे का उपयोग कर आनन फानन में नालियों का निर्माण कर दिया बाद में नालियों पर तराई नही करने से नालियां स्थान स्थान से चटकने लगी है। वर्तमान में टेकापार क्षेत्र में नालियों का निर्माण कार्य किया जा रहा है यहां के रहवासियों ने बताया कि नाली बने एक हफ्ता हो गया परन्तु तराई नही की गई। ऐसे में निर्माण कितना टिक पायेगा कहना मुश्किल है। इसके अलावा बीआरसी कार्यालय, नंदनी नगर, छात्रावास क्षेत्र सहित कई स्थानों पर नालियां जर्जर होने लगी है।
नाली निर्माण में मनमानी, साठगांठ का अंदेशा
सड़क चौड़ीकरण के इस कार्य मे प्रारंभ में निर्माण एजेंसी ने अधिकारियों एवं नगरवासियों की मौजूदगी में निर्माण क्षेत्र तय कर उन्हें चिन्हाकित किया था परंतु बाद में कई स्थानों पर ठेकेदार ने चिन्हित क्षेत्र को छोड़कर मनमाने ढंग से निर्माण कर डाला। कई स्थानों पर सड़क किनारे लोगो को नियमों का हवाला देकर उनके पक्के निर्माण तुड़वाये तो कई स्थानों पर मनमाने ढंग से नालियों का मुंह मोड़कर सड़क सकरी कर डाली। सूत्रों की माने तो ठेकेदार ने नगर के कुछ धनवान लोगो से साठगांठ कर इस तरह के कार्य को अंजाम दिया। वही अधिकारी भी इस तरह के हो रहे मनमाने कार्य के प्रति निष्क्रिय दिखे। इससे यह स्पष्ट होता है कि निर्माण को मनचाहे ढंग से करने में बड़ी साठगांठ हुई है।
पुलिया निर्माण में बरत रहे अनियमितता
सड़क निर्माण में आधा दर्जन से अधिक पुलियों का निर्माण कराया जाना है ठेकेदार ने पुलियों के निर्माण में बड़े पैमाने पर कोताही बरती है। इनके निर्माण में लगने वाला लोहा स्टीमेट के विपरीत लगाया गया है। ताज़ा उदाहरण संजय ढाबा के पास बन रही पुलिया में निर्माण कार्य मे दोयम दर्जे का लोहा उपयोग करते देखा जा सकता है। उक्त पुलिया के निर्माण में ठेकेदार ने निर्माण सामग्री का स्टीमेट के अनुसार ध्यान नही दिया। निर्माण कार्यो में चल रहे घटिया स्तर के कार्य मे इसके लंबे समय तक चलने में प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है।
नागरिकों ने उठाई जांच, कार्रवाई व सुधार की मांग
स्थानीय नागरिकों ने फोर लेन सड़क निर्माण में नियमों की अनदेखी, अनियमितता व गड़बड़ी पर जांच, कार्रवाई व सुधार की मांग उठाई है। नागरिक महेंद्र कुमार, रोहित गौर, नीरज, रामगोपाल सहित अन्य लोगों ने तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों से हस्तक्षेप कर सुधार की मांग की है।
इस संबंध मे सोनल सिन्हा, महाप्रबंधक, एमपीआरडीसी का कहना है कि फोर लेन के कार्य में गड़बड़ी के विषय में तत्काल जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है तथा निर्माण कार्य को सही ढंग से ही कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button