सुल्तानगंज क्षेत्र में बेशकीमती वनभूमि से भूमाफिया का हटाया अवैध कब्जा

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । वन विभाग के द्वारा वन भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को सख्ती से हटाते हुए मुक्त कराकर उस पर तत्काल बबूल के बीज का रोपण किया गया।
करीब 4 एकड़ 50 डिसमिल भूमि जो कि इस क्षेत्र के बाजार मूल्य के अनुसार करीब 50 लाख रुपए मूल्य की होती है। उक्त भूमि भूमाफिया ने अतिक्रमण कर अपने कब्जे में कर रखी थी ।
सुल्तानगंज क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत किए जाने पर वनपरिक्षेत्राधिकारी अरविंद अहिरवार के नेतृत्व में डिप्टी रेंजर सुशील पटेल, वनरक्षक संदीप दुबे, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, गोवर्धन रैकवार, हरिराम, हरि सिंह एवं केसलोन गांव वन समिति के अध्यक्ष बलराम कुशवाहा सहित सभी वन समिति सदस्यों की मौजूदगी में अवैध कब्जा हटाया गया।
क्षेत्र में परिसर सुल्तानगंज के कक्ष क्रमांक पीएफ 195 में वनभूमि पर भूमाफिया जमुना विश्वकर्मा आत्मज थानसिंह विश्वकर्मा निवासी मरखेड़ा गुलाब के द्वारा अतिक्रमण करके खेत बनाने की कोशिश की जा रही थी । जिसे मौके पर पहुंचकर वनकर्मियों द्वारा बेदखली की कार्रवाई करते हुए सख्ती से उसका अतिक्रमण हटाकर तत्काल बबूल के बीजों का रोपण किया गया।
वनपरिक्षेत्राधिकारी अरविंद अहिरवार ने बताया कि तहसील भर में वन भूमि पर से अवैध अतिक्रमण हटाए जाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई है जोकि सख्ती से लागू की जा रही है। वनकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने क्षेत्र में ऐसी भूमि चिन्हित कर तत्काल कार्यालय को सूचना दें ताकि वन भूमि पर काबिज भूमाफियाओं के अवैध कब्जों को सख्ती से हटाकर वहां पौधारोपण किया जा सके।



