बुआ के घर जा रहा था युवक, घोड़ापछाड़ नदी का पानी नहीं उतरा तो लगा दी छलांग
मुड़ियाखेड़ा गांव की घोड़ापछाड़ नदी का मामलाः पुल पर बह रहा था चार फीट पानी, सुबह छह बजे से युवक पानी उतरने का इंतजार कर रहा था
युवक को ढूंढने मौके पर पहुंची रायसेन एसडीआरएफ की नौ सदस्यीय टीम
रायसेन । रायसेन जिले के थाना सलामतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़ियाखेड़ा गांव की घोड़ापछाड़ नदी में एक 20 वर्षीय युवक ने छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि युवक मनोज धानक निवासी बनगंवा रायसेन अपनी बुआ के घर झुंडखो गांव जा रहा था। तभी छोड़ापछाड़ नदी चढ़ी थी और पुल पर लगभग चार फीट पानी था। मनोज धानक सुबह लगभग छह बजे मुड़ियाखेड़ा पहुंच गया था। काफी इंतजार के बाद भी जब नदी नहीं उत्तरी तो सुबह करीब नौ बजे मनोज ने कपड़े उतारकर नदी में छलांग लगा दी और बह गया। हालांकि मौके पर मौजूद चौकीदार और स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को रोकने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। सूचना मिलते ही मौके पर रायसेन एसडीआरएफ की नौ सदस्यीय टीम वोट लेकर पहुंच गई है।
एसडीएम मुकेश सिंह, सांची नायब तहसीलदार नियति साहू और सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस प्रशासन युवक की तलाश में जुटा हुआ है। लेकिन एसडीआरएफ की टीम को दोपहर शाम तक भी युवक नहीं मिल सका है। युवक के डूबने की खबर लगते ही मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ बड़ी संख्या में पहुंच गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब घोड़ापछाड़ नदी पुल बन रहा था, तब इसमें जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। ग्रामीणों की मांग थी की इस पुल को ऊंचा किया जाए। मगर जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार ने ग्रामीणों की बात नहीं सुनी। उनकी मनमानी के चलते हाइट नहीं बढ़ सकी। जिसकी वजह से 12 गांव के हजारों ग्रामीणों को हर साल बारिश में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कभी गर्भवती महिलाओं को चारपाई पर उठाकर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है तो कभी बीमारी को तो कभी मृतकों को भी इसी तरह से चारपाई के सहारे नदी पार करना पड़ती है।
मुईन खान, निवासी मुडियाखेड़ा ने बताया कि मैंने भी युवक को रोकने की कोशिश की लेकिन वह बोला कि मैं मुंह हाथ धो रहा हूं और उसने कपड़े उतारकर नदी में छलांग लगा दी। थोड़ी देर तक तो वह तैरता हुआ दिखा फिर डूब गया।
थाना प्रभारी सलामतपुर दिनेशसिंह रघुवंशी ने बताया कि सोमवार की सुबह लगभग नौ बजे मुड़ियाखेड़ा गांव की घोड़ापछाड़ नदी में एक 20 वर्षीय युवक ने छलांग लगा दी और डूब गया। नदी के ऊपर करीब चार फीट पानी बह रहा है। चौकीदार ने उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन नहीं माना। वहीं मौके पर पुलिस प्रशासन पहुंच गया और रायसेन एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश कर रही है।



