मां बीजासन मंदिर में कन्याभोज का संपन्न, भक्तों ने की कन्याओं की विधिपूर्वक पूजा

सिलवानी । नगर के प्रसिद्ध मां बीजासन मंदिर में नवरात्रि समापन के अवसर पर कन्या भोज का अयोजन बड़े ही श्रद्धा और भक्ति भाव से किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया और कन्याओं की पूजन कर उन्हें भोजन कराया। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक स्वरूप नौ कन्याओं को भोजन कराने की परंपरा के अंतर्गत यह आयोजन हर वर्ष बड़े धूमधाम से किया जाता है।
मां बीजासन मंदिर के प्रांगण में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी थी। कन्या पूजन के लिए क्षेत्र की बालिकाओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। मंदिर के पुजारी शिव नारायण तिवारी एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने कन्याओं के पैर धोकर और आरती उतारकर विधिपूर्वक उनकी पूजा की। इसके बाद उन्हें भोग प्रसाद के रूप में भोजन कराया गया, जिसमें हलवा, पूड़ी, खीर और अन्य पारंपरिक व्यंजन शामिल थे। मंदिर के मुख्य पुजारी शिव नारायण तिवारी ने बताया कि “कन्या पूजन का विशेष महत्व है। नवरात्रि के अंतिम दिनों में बालिकाओं को देवी के रूप में पूजने से मां दुर्गा की कृपा प्राप्त होती है। यह आयोजन पूरे नगर के लिए शुभकामनाओं का प्रतीक है, और इससे समाज में कन्याओं के प्रति सम्मान बढ़ता है। इस अवसर पर नगर के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे, जिन्होंने कन्याओं को उपहार और आशीर्वाद प्रदान किया। मंदिर समिति ने कन्या भोज के सफल आयोजन के लिए सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों को धन्यवाद दिया। भक्तों का मानना है कि इस प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।
आयोजन के अंत में सभी श्रद्धालुओं को भी प्रसाद वितरित किया गया।

