पुरानी रंजिश के चलते युवक पर कुल्हाड़ी से किया प्राण घातक हमला
गंभीर अवस्था में रायसेन किया रैफर
सिलवानी । शुक्रवार की सुबह ग्राम भानपुर में मंदिर में पूजा करने गए एक युवक पर गांवों के ही लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते मारपीट कर सिर पर कुल्हाडी से प्राणघातक हमला कर घायल कर दिया। घायल को गंभीर अवस्था में सिलवानी सिविल हाॅस्पिटल लाया गया जहां डाॅक्टर द्वारा प्राथमिक उपचार कर गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय रायसेन रैफर किया गया है
प्राप्त जानकारी अनुसार पप्पू उर्फ हनुमत केवट सुबह गांव के ही मंदिर में पूजा करने के लिए गया था, पूजा करने के बाद करीब आठ बजे अपने घर वापस लौट रहा था तो रास्ते में सुखई आदिवासी के घर के सामने उसी मोहल्ले के लक्ष्मीनारायण केवट, हल्के और मल्लू केवट गंदी-गंदी गालियां देने लगे। पीड़ित ने उक्त लोगों से गालियां देने से मना किया तो लक्ष्मीनारायण, हल्के और मल्लू केवट ने लोहे की राड और डंडों से मारने लगे, डंडे से पैर में मारा जिससे बाये पैर में चोट आई है। पप्पू केवट को जान से मारने की नियत से सिर में कुल्हाडी से हमला कर दिया जिससे खून की धार निकलने लगी। इस बीच परिजनों को सूचना मिलने पर घटना स्थल पहुंचे तो आरोपी भाग गये। घायल पप्पू केवट को सिविल हाॅस्पिटल सिलवानी लाया गया। जहां डयूटीरत डाॅ. अभिपारस जैन ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय रायसेन रैफर कर दिया।
बताया जाता हैं कि 17 अक्टूवर को लक्ष्मीनारायण की पत्नि ने पप्पू केवट के विरूद्ध बुरी नियत से हाथ पकडकर छेड़छाड संबंधी रिपोर्ट सिलवानी थाने में दर्ज कराई थी जिसमें आरोपी पप्पू केवट को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। इसी बात की रंजिश ने खूनी रूप ले लिया।
थाना प्रभारी डीपी सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह जैथारी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम भानपुर में पप्पू केवट पर ग्राम के ही लक्ष्मीनारायण, हलके, और मल्लू केवट ने मारपीट कर कुल्हाड़ी से सिर पर प्राणघातक हमला किया है। सूचना पर पुलिस ने घायल की रिपोर्ट पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है।



