राजा चन्द्रहास रानी विषया के सती स्थल पर शुक्रवार को भरेगा मेला

मेला में आज भी जिन्न लेने आते है मिठाईयां
80 क्विंटल से अधिक तक विक्रय हो जाती है मिठाईयां
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । राजा सूर्य नरेश की नगरी कुन्तलपुर जिसका वर्तमान नाम कोकलपुर में कार्तिक पूर्णिमा को रानी विषया देवी के सती स्थल पर शुक्रवार को परम्परागतानुसार मेला का आयोजन किया जाएगा। जहां दूर दराज से हजारों की संख्या में लोग रानी विषया देवी के सती स्थल पर पूजा अर्चना करने आते है और जिनकी पूर्व वर्षों में मनोकामना पूर्ण हो चुकी है वे भी यहां पर मिठाई का प्रसाद चढ़ाने आते हैं। इस विशाल मेला में राजनैतिक दलों के नेतागण एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में यहां पर पहुंचते है और पूजा अर्चना कर रानी से विजयी होने का आर्शीवाद मांगते है।
वर्षों से तालाब के किनारे रानी सती विषया देवी का सिद्ध स्थान पर मेला भरता आ रहा है। इस मेले की विशेषता है कि यहां पर विक्टंलों मिठाई बिकने के लिए आती है और कोई भी व्यापारी बचा कर नहीं ले जाता शाम ढलने से पहले ही सारी मिठाईयां बिक जाती है मिठाई की कीमत भी कम होती है और उसे खाकर आज तक कोई भी बीमार नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि यहां जिन्न आकर मिठाई खरीदकर ले जाते है। जिसकी वजह से किसी भी दुकान से मिठाईयां वापिस नही जाती है।
गीतों के साथ करते है नृत्य :- आसपास के ग्रामों के बुजुर्ग यहां बड़ी संख्या में आते है जो नृत्य करते हुए गीतों के माध्यम से राजा चन्द्रहास और रानी विषया देवी की प्रेम गाथा का वर्णन बड़े ही मार्मिक अंदाज में करते है जिसे सुनकर लोग पुरानी यादों में खो जाते है। राजा चंद्रहास और रानी सती विषया देवी का जिक्र जैमिनी पुराण में भी मिलता है।



