स्कूल के पास दुकानों का अतिक्रमण हटाने प्राचार्य ने दिया आवेदन, नपा अमले ने की कार्रवाई

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेगमगंज के प्राचार्य ने विद्यालय के पास सड़क किनारे लगी दुकानों के अतिक्रमण को हटाने जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय में प्रतिदिन लगभग 1800 छात्राएँ अध्ययनरत हैं। विद्यालय के गेट के पास फुटपाथ और सड़क पर दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण छात्राओं के आने-जाने में बड़ी बाधा उत्पन्न करता है। इस समस्या के कारण आए दिन छात्राओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
प्राचार्य द्वारा की गई शिकायत पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए नपा के अतिक्रमण अमले को कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही अमला मौके पर पहुंचा और गेट के पास लगी अवैध दुकानों व ठेलों को हटाया। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि आगे से विद्यालय परिसर के सामने अतिक्रमण न करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनसुनवाई में मिली इस त्वरित कार्रवाई से विद्यालय प्रबंधन और छात्राओं में संतोष का माहौल देखा गया। लोगों का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह आवश्यक कदम उठाया गया है।



