मातृभूमि भुड़सा में धूमधाम से मनाया गया वृजरानी का जन्मोत्सव

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । श्री राधाष्टमी पर्व के पावन अवसर पर भुड़सा धाम नगरी में श्रीलाड़लीजू महाराज का पावन जन्मोत्सव मनाकर एक नवीन परंपरा का सूत्रपात वृजरसिक आचार्य राजा भैया सोनी द्वारा किया गया। ग्राम के प्रमुख स्थानों की दीवारों पर श्रीराधा नाम का लेखन कर ग्राम की गलियों को गुब्बारों से सजाकर बरसाना धाम का स्वरूप प्रदान किया गया। अष्ट सखियों के साथ विराजमान श्रीराधारानी सरकार की अद्भुत अलौकिक नयनाभिराम झांकी को महाशक्ति धाम सोनी मोहल्ला से उठाकर नगर भ्रमण दर्शन कराते हुए नमामि जननि परमधाम मांचित्रादेवी शनिधाम में विराजित किया गया। ग्राम के सौभाग्यशाली नर नारियों ने गोप गोपियों का रुप धर श्रीबांके बिहारी लाल की अगुवाई में वृषभानु दुलारी के संग आनंदमय परिवेश जन्मदिन मनाया। मीठा, मिष्ठान, पकवान, प्रसाद के साथ भन्डारे का आयोजन किया गया । आज से ही जनमानस के कल्याणार्थ मातृभूमि आरोग्य व आध्यात्मिक सेवा केन्द्र का शुभारंभ भी आचार्य सोनी द्वारा किया गया और धार्मिक बंधुओं को रामायण प्रेमियों के लिए शक्ति पीठ चित्राधाम में प्रतिदिन रामायण पाठ की व्यवस्था की गई जिसके माध्यम से कोई भी धर्मप्रेमी भाई बहन आकर हमेशा श्रीरामायणजी का पाठ कर सकेंगे। आचार्य सोनी के अनुसार शीघ्र ही धाम में श्रीमद्भागवत महापुराण का आयोजन होने जा रहा है जिसमें धार्मिक बंधुओं की उपस्थिति अपेक्षित होगी। इस आनंदमय दुर्लभ सुअवसर पर निरंजनसिंह, रमेश गुप्ता, संतोष, वृन्दावन सेन, इंद्रजीत सिंह, रामदेव, सौरभ सिंह, गंगा सोनी, प्राची सेन, सुनीता सोनी, राधा, ललिता सहित सैकड़ों धार्मिक बंधुओं की उपस्थिति सराहनीय रही।



