राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत किशोरी बालिकाओं और महिलाओं की स्वास्थ्य जांच एवं पोषण पर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

सिलवानी। विकासखंड के अंतर्गत ग्राम समनापुर में 17 सितंबर से प्रारंभ हुए राष्ट्रीय पोषण माह के उपलक्ष्य में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बाल विकास परियोजना सिलवानी के अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केंद्र समनापुर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की थीम घर पर पकाएं, पोषण घर का ही खाएं” के अनुरूप, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा किशोरी बालिकाओं एवं महिलाओं को संतुलित आहार, घरेलू पोषण और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हरी सब्जियों, मोटे अनाजों व दालों के नियमित सेवन के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर तिरंगा थाली एवं पोषण प्रदर्शनी का आयोजन कर पोषक तत्वों से भरपूर व्यंजन प्रदर्शित किए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत महिलाओं एवं किशोरियों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी आबिदा बी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर पर्यवेक्षक सुरक्षा विश्वकर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भारती लोधी, सहायिका, आशा कार्यकर्ता एवं ग्राम की अनेक महिलाएं एवं किशोरियाँ उपस्थित रहीं।


