देश विदेशमध्य प्रदेशराजनीति

नितिन नबीन बने भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

नईदिल्ली । भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी ने यह जिम्मेदारी सौंपी है। नबीन इस समय बिहार की नीतीश कुमार की नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने पार्टी में संगठनात्मक नियुक्ति की जानकारी दी है। बयान में कहा गया है, ”भाजपा के संसदीय बोर्ड ने नितिन नबीन, मंत्री बिहार सरकार को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।”
इस नियुक्ति पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ”नितिन नबीन जी ने एक मेहनती कार्यकर्ता के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। वह एक युवा और मेहनती नेता हैं, जिनके पास संगठन का अनुभव है और बिहार में कई बार विधायक और मंत्री के तौर पर उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगन से काम किया है। वह अपने विनम्र स्वभाव और जमीनी काम करने के तरीके के लिए जाने जाते हैं। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूत करेगा। उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बधाई।”
नबीन 2006 में उपचुनाव जीतने के बाद से लगातार चार बार विधायक चुने गए हैं – 2010, 2015, 2020 और 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्हें जीत मिली है। पटना में जन्में नितिन नबीन भाजपा के दिग्गज नेता रहे नवीन किशोर प्रसाद के बेटे हैं। नवीन किशोर भी पूर्व विधायक रहे। नितिन नबीन सिन्हा कायस्थ समुदाय से आते हैं और भाजयुमो के राष्ट्रीय महासचिव भी थे। इस समय बिहार सरकार में मंत्री होने के अलावा, वे छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी हैं।
पिछले महीने आए बिहार चुनाव के नतीजों में नितिन नबीन ने आरजेडी की रेखा कुमारी को हराया था। बांकीपुर विधानसभा सीट से नितिन को 98299 वोट मिले थे, जबकि आरजेडी उम्मीदवार रेखा कुमारी को 46308 मत हासिल हुए थे। इसके पहले 2020 के विधानसभा चुनाव में नबीन ने शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को मात दी थी।

Related Articles

Back to top button