मध्य प्रदेशराजनीति

भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को सौंपा राज्यपाल के नाम ज्ञापन

कांग्रेस विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
सिलवानी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को एसडीएम हर्षल चौधरी को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए सिलवानी विधानसभा से कांग्रेस के निर्वाचित विधायक पर शराब माफिया और अपराधियों से गठजोड़ के गंभीर आरोप लगाए। ज्ञापन में विधायक द्वारा मुख्यमंत्री, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कथित रूप से असंसदीय भाषा के प्रयोग और मिथ्यारोप लगाकर छवि धूमिल करने का भी विरोध किया गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा अपराधियों और शराब माफियाओं के खिलाफ अपनाई जा रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत रायसेन जिले की सुल्तानगंज तहसील के ग्राम चांदोडा में आबकारी विभाग ने छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा किया। इस फैक्ट्री में नकली शराब तैयार कर सोम डिस्टलरी के नाम से पैकिंग कर बड़े पैमाने पर विक्रय किया जा रहा था।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उक्त अवैध फैक्ट्री का संचालन करने वाला मुख्य व्यक्ति कांग्रेस विधायक देवेन्द्र पटेल का विशेष सहयोगी है और छापामार कार्रवाई से एक दिन पूर्व तक विधायक के साथ विभिन्न गांवों के दौरों और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल था। उनका यह भी कहना है कि मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में विधायक ने आरोपियों से राजनीतिक संबंध होने की बात स्वयं स्वीकार की है।
भाजपा नेताओं ने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि पूरे मामले के प्रदेश स्तर पर चर्चा में आने के बाद विधायक देवेन्द्र पटेल ने 21 दिसंबर 2025 को रायसेन में आयोजित एक सभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व विधायक एवं पूर्व सांसद रामपाल सिंह सहित सिलवानी विधानसभा के पूर्व एवं वर्तमान मंडल अध्यक्षों, जनपद पंचायत, नगर पालिका और नगर परिषद के निर्वाचित पदाधिकारियों व सरपंचों के खिलाफ असंसदीय और आपत्तिजनक बयान दिए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कड़ी निंदा की और राज्यपाल से मांग की कि विधायक देवेन्द्र पटेल के शराब माफियाओं एवं अपराधियों से कथित गठजोड़ की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि विधायक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो क्षेत्रवासी व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Related Articles

Back to top button