नगर परिषद में मनाया गया सुशासन दिवस, अधिकारियों, कर्मचारियों ने ली सुशासन की शपथ

सिलवानी। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई द्वारा स्थापित सुशासन की अवधारणा एवं उसके उच्चतम माध्यम के महत्व को प्रतिपादित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 25 दिसंबर को उनके जन्मदिवस के अवसर पर 24 दिसंबर को सुशासन दिवस मनाया जाता है।
इसी क्रम में आज नगर परिषद द्वारा सुशासन दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक ने कहा कि सुशासन से ही आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) ऋषिकांत यादव भी उपस्थित रहे। उन्होंने सुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम में नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने सुशासन के सिद्धांतों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया।



