मध्य प्रदेश

ख़बर का असर: घटेरा वनवार धान खरीदी केंद्र पर नायब तहसीलदार का औचक निरीक्षण

भारी लापरवाही पर प्रबंधक व सर्वेयर को फटकार
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
जबेरा । जिला दमोह सेवा सहकारी समिति केंद्र घटेरा वनवार में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर प्रकाशित खबर का असर सामने आया है। इसी क्रम में शुक्रवार को नायब तहसीलदार अटल बिहारी वर्मा द्वारा धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर माप-तौल में अनियमितता एवं धान खरीदी प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही पाई गई।
नायब तहसीलदार ने मौके पर धान की तौल व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण एवं किसानों से खरीदी जा रही उपज की गुणवत्ता का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई खामियां सामने आने पर उन्होंने केंद्र प्रबंधक एवं सर्वेयर को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में माप-तौल या धान खरीदी में गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही केंद्र पर व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
नायब तहसीलदार के निरीक्षण से केंद्र पर हड़कंप की स्थिति बनी रही। वहीं किसानों ने प्रशासनिक कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए निष्पक्ष धान खरीदी की मांग दोहराई।

Related Articles

Back to top button