जुनिया पुल पर युवक का शव पानी में उतराता मिला, पुलिस कर जांच
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सिलवानी । सोमवार की शाम को नगर से लगभग 4 किलोमीटर दूर जुनिया पुल के पासएक युवक का शव पानी में उतराता हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को स्वर्ग वाहन की सहायता से सिविल हॉस्पिटल सिलवानी लाया गया, जहां उसे मर्चुरी रूम में सुरक्षित रखा गया है। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नगर के वार्ड क्रमांक 2 निवासी हिरदेश यादव उम्र 26 साल पिता प्रकाश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हिरदेश अपने दोस्तों के साथ जुनिया पुल के पास पार्टी करने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिर गया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई।
वहीं, मृतक के परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। मृतक के भाई दीपेश यादव ने बताया घटना की जानकारी मिलने पर घटना स्थल पहुंचा तो वह कम गहरे पानी में मुंह के बल डूबा हुआ मिला, हिरदेश को गहरे पानी में तैरना आता था। घटना स्थल पर चार डिस्पोजल और चार प्लेटें मिली है। पुलिस ने उसके साथी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस संबंध में एसडीओपी अनिल सिंह मौर्य ने बताया कि युवक का शव पानी में उतराता हुआ मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



