सिलौंडी में श्रीमद् भागवत कथा की भव्य कलश यात्रा निकाली

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । विकासखंड ढीमरखेड़ा के ग्राम सिलौंडी में राय परिवार के निवास पर 18 जनवरी से श्रीमद् भागवत कथा एवं शिवलिंग निर्माण महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन स्वर्गीय श्री प्रतापभानु राय जी की पुण्यतिथि ( बरसी ) के पावन अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
*17 जनवरी को निकली भव्य कलश यात्रा*
श्रीमद् भागवत कथा की भव्य कलश यात्रा निकाली। वृंदावन के कथा वाचक पंडित दिव्य कृष्ण जी महाराज के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय के निवास से भव्य कलश यात्रा निकाली जो ग्राम श्रीराम मंदिर, बाजार मोहल्ला, बड़ी मढ़िया, श्री बालाजी मंदिर, बस स्टैंड से होते हुए कथा स्थल पर पहुंचीं । कलश यात्रा में श्रीराधा कृष्ण की अनुपम झांकी आकृष्ट का केंद्र रही भगवान के मनमोहक गाने पर श्री राधाकृष्ण नृत्य भक्तों का मन मोह लिया । 18 जनवरी से 24 जनवरी तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन प्रतिदिन किया जाएगा।
*प्रतिदिन होंगे धार्मिक अनुष्ठान*
जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय ने बताया कि कार्यक्रमों का समय इस प्रकार रहेगा—
शिवलिंग निर्माण: प्रातः 9 बजे से
श्रीमद् भागवत कथा: दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक
*पं. दिव्यकृष्ण जी महाराज करेंगे कथा वाचन*
कथा वाचन के लिए बृजवासी श्रद्धेय पं. दिव्यकृष्ण जी महाराज आमंत्रित किए गए हैं, जो अपने मुखारविंद से श्रीमद् भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का रसपान कराएंगे।
*विशेष तिथियों पर होंगे उत्सव*
कथा के दौरान विभिन्न धार्मिक उत्सव भी मनाए जाएंगे—
21 जनवरी: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
23 जनवरी: श्रीकृष्ण–रुक्मणी विवाह महोत्सव
24 जनवरी: कथा विश्राम
25 जनवरी को पूर्णाहुति व भंडारा
आयोजन का समापन 25 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे हवन-पूजन, पूर्णाहुति एवं विशाल प्रसादी ( भंडारा ) के साथ किया जाएगा।
आयोजक राय परिवार विमला राय, रमा सत्येंद्र राय, जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय एवं समस्त राय परिवार ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य आयोजन में सहभागिता करने की अपील की है।



