मध्य प्रदेश

नाली निर्माण के चलते गेहूंरास रोड बंद, दुकानदारों ने सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
हम बस समस्या बताएंगे
गैरतगंज। तहसील गैरतगंज के गेहूंरास रोड पर चल रहे नाली निर्माण कार्य के चलते सड़क पर दोनों ओर मिट्टी के बड़े-बड़े ढेर लगा दिए गए हैं, जिससे आमजन और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में प्रभावित व्यापारियों एवं रहवासियों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) गैरतगंज को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि गेहूंरास रोड नगर का प्रमुख मार्ग है, जहां से ग्रामीण क्षेत्रों के लोग छोटे-बड़े वाहनों से आवागमन करते हैं और रोजमर्रा की खरीदारी के लिए दुकानों पर पहुंचते हैं। वर्तमान में नाली खुदाई के बाद सड़क के दोनों तरफ मिट्टी डालकर रास्ता लगभग बंद कर दिया गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है और ग्राहकों का आना कम हो गया है।
दुकानदारों का कहना है कि कई दिनों से कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जिसके कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मिट्टी के ढेरों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
प्रार्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि नाली निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए, सड़क से मिट्टी हटवाई जाए और आवागमन सुचारू रूप से शुरू कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन या धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन पर तहसील गैरतगंज के कई व्यापारियों एवं नागरिकों के हस्ताक्षर दर्ज हैं। ज्ञापन देने वाले नीरज साहू बबलू साहू रूपल जैन डॉक्टर वर्मा पप्पू पटेल महेंद्र ठाकुर लक्ष्मी साहू आशीष जैन दिलीप पंथी आदि प्रमुख है।

Related Articles

Back to top button