शिवरात्रि पर धूमधाम से निकाली शिव बारात

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर के प्रसिद्ध झिरिया मंदिर से परंपरागत रूप से शिव बारात का आयोजन किया गया। इसमें डीजे की धुन पर बज रहे गीतों और भजनों पर युवकों ने जमकर नृत्य किया। शिव बारात का विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और शिव बारात में शामिल लोगों के लिए प्रसाद ग्रहण कराया।
शिव बारात झिरिया मंदिर से शुरू होकर पीराशाह, महादेवपुरा, मलंग शाह का तकिया, किला, कबीट चौराहा, गांधी बाजार होते हुए शिवालय मंदिर पहुंची। तत्पश्चात लखेरा मोहल्ला गणेश मंदिर रोड, सागरमल पुलिया से सागर रोड, पुराना बस स्टैंड, बिजली घर, नया बस स्टैंड होते हुए वापिस कार्यक्रम स्थल पर पहुंची जहां सामूहिक रूप से पूजन कर आरती उतारी गई प्रसाद का वितरण किया गया।
शिव बारात में ट्रैक्टर ट्राली पर बनाई गई झांकी में शिव पार्वती की मूर्ति की लोगों ने पूजा-अर्चना की और शिव विवाह आयोजित किया जाकर प्रसाद वितरण किया गया। शिव बारात को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया विशेषकर युवा भारी संख्या में शामिल हुए कई युवा शंकर जी का पात्र में नजर आए तो कई भूत पिशाच की शक्ल में शिव बारात में शामिल हुए। युवाओं द्वारा लगाए गए गगन भेदी नारों से पूरा माहौल शिवमय नजर आने लगा था। समाज के वरिष्ठ लोग जहां भगवा पगड़ी अपने सिर पर बांधकर कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं विभिन्न स्थानों पर युवाओं ने जमकर आतिशबाजी भी की, पुलिस एवं राजस्व प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वाहन करता नजर आया।
शाम 8 बजे शुरू हुई शिव बारात नगर भ्रमण करते हुए करीब रात 12 बजे वापिस झिरिया मंदिर पहुंची जहां स्वर्गीय पंडित नाथूराम जी दुबे जो कार्यक्रम के सूत्रधार थे उन्हें शिद्दत से याद किया गया। तत्पश्चात विभिन्न कार्यक्रम उपरांत समापन किया गया।
शिव बारात में विशेष रूप से हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह तोमर, नपा अध्यक्ष संदीप लोधी, उपाध्यक्ष सुदर्शन घोषी, पूर्व हिउस अध्यक्ष संतोष राय, नवलकिशोर बबलू यादव, पार्षद अजय सिंह जाट, प्रवीण जैन, राकेश श्रीवास, संदीप गुप्ता सहित राजस्व एवं पुलिस अमला अनेकों गणमान्य शिव बारात का मार्गदर्शन करते नजर आए।



