सागौन तस्करों पर ढीमरखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सागौन से भरी पिकअप जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, लाखों की लकड़ी बरामद
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सागौन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है । इस दौरान करीब ₹10 लाख 45 हजार मूल्य की सागौन लकड़ी बरामद की गई है । मामले को अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में चोरी, नकबजनी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 08 अप्रैल 2026 की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद पिकअप वाहन में अवैध सागौन लकड़ी भरकर तस्कर पाली क्षेत्र से पिपरिया की ओर जा रहे हैं । सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने झारापानी रोड पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर फरार हो गया । पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने पीछा करते हुए वाहन को ग्राम पिपरिया के एक घर में खड़ा पाया। मौके का फायदा उठाकर कई तस्कर अंधेरे में फरार हो गए।
तलाशी के दौरान पिकअप (बोलोरो मैक्स) से 10 नग सागौन की सिल्लियां (लगभग 0.434 घनमीटर) बरामद की गईं।
जब्त वाहन एवं लकड़ी की कुल अनुमानित कीमत ₹10,45,000 आंकी गई है।
मौके से एक आरोपी संजय उर्फ संजू ठाकुर, निवासी पिपरिया को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य 5 आरोपी फरार हैं ।
आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद वन विभाग को सौंप दिया गया है। रेंज ऑफिस रामपुर में वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम का विशेष योगदान रहा । प्रमुख रूप से थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, एएसआई विजेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक सुब्च्चन यादव, आरक्षक पंकज सिंह, देवेंद्र अहिरवार, अजय सिंह तथा डिप्टी रेंजर रामकुमेश मिश्रा एवं वनरक्षक दिनेश, अंकित, रामफल, मुकेश, अभिषेक सहित टीम शामिल रही।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सागौन तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



