दो लाख रुपए रिश्वत लेते धराया नगर परिषद का उपयंत्री

एसडी रिलीज करने मांगे पांच लाख
भोपाल में लोकायुक्त पुलिस ने की कार्रवाई
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
उदयपुरा ।रायसेन जिले की उदयपुरा नगर परिषद में पदस्थ उपयंत्री और सहायक ग्रेड 2 को लोकायुक्त पुलिस ने सड़क ठेकेदार से दो लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उपयंत्री ने ठेकेदार जयंत चतुर्वेदी नवीन बिल्डकॉम से नगर परिषद में जमा एसडी को रिलीज करने के एवज में पांच लाख रुपए की मांग की थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस से की। इसके बाद आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार विरोधी सख्त निर्देशों एवं पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में भोपाल लोकायुक्त इकाई द्वारा की गई ट्रैप कार्यवाही।लोकायुक्त इंस्पेक्टर जीएस सर्मकोले ने बताया कि नवीन बिल्डकॉम के संचालक जयंत चतुर्वेदी ने नगर परिषद उदयपुरा के अंतर्गत बस स्टैंड का सीसी निर्माण कार्य एवं मेन रोड पर सीसी रोड निर्माण कार्य किया था। उक्त कार्य के लिए फर्म की दो सिक्योरिटी डिपॉजिट नगर परिषद उदयपुरा में जमा थी। इन दोनों एसडी को रिलीज करने तथा अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में नगर परिषद उदयपुरा में पदस्थ उपयंत्री दीपांशु पटेरिया एवं सहायक ग्रेड 2 शंकर साहू ने चतुर्वेदी से पांच लाख रुपए रिश्वत की मांग की।आरोपी उपयंत्री पर प्रकरण दर्जआवेदक ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त भोपाल दुर्गेश कुमार राठौर से की। राठोर ने टीम का गठन कर मंगलवार को आरोपी उपयंत्री दीपांशु पटेरिया को जयंत चतुर्वेदी से भोपाल 6 नंबर हॉकर्स कॉर्नर के सामने दो लाख रुपए लेते हुए पकड़ा। आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उक्त कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक अजय मिश्रा, वीरेंद्र सिंह, उप पुलिस निरीक्षक रजनी तिवारी, निरीक्षक घनश्याम सिंह मर्सकोले, प्रधान आरक्षक नेहा परदेसी, प्रधान आरक्षक रामदास कुर्मी, आरक्षक मनमोहन साहू, रविंद्र शर्मा, मनोज मांझी, चैतन्य प्रताप सिंह शामिल थे।



