खेल

मातृ दिवस पर मातृ शक्तियों ने दिखाया दमखम, लहराया परचम

रायसेन एवं विदिशा जिले का पूरे प्रदेश में बढ़ाया मान
रायसेन । 12वीं स्टेट स्कूल एजुकेशन डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स 2025-26 अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में भोपाल संभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता 8 मई से 10 मई तक पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के विभिन्न संभागों — भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर, उज्जैन, सागर, चंबल एवं आदिम जाति कल्याण विभाग की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के दौरान सभी टीमों ने उत्कृष्ट खेल भावना एवं शानदार कौशल का प्रदर्शन किया, वहीं फाइनल मुकाबले में भोपाल संभाग ने नर्मदापुरम संभाग को पराजित कर राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में रायसेन एवं विदिशा जिले की महिला खिलाड़ियों का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और संघर्ष से पूरे संभाग को गौरवान्वित किया।
भोपाल संभाग की विजेता टीम में रायसेन जिले से किरण पाठक (माध्यमिक शिक्षक, बेगमगंज), रमा मालवीय (प्राथमिक शिक्षक), सरोज शर्मा (प्राथमिक शिक्षक), उपासना दुबे (माध्यमिक शिक्षक), आशा पवार (माध्यमिक शिक्षक), प्रमिला शर्मा (प्राथमिक शिक्षक) तथा विदिशा जिले से सुजाता खांडेकर (प्राथमिक शिक्षक), इरफाना बानो (प्राथमिक शिक्षक), अंजलि माथुर (प्राथमिक शिक्षक), निशा नामदेव (प्राथमिक शिक्षक), शबाना खान (प्राथमिक शिक्षक) का चयन भोपाल संभाग की ओर से किया गया था।
इन सभी मातृ शक्तियों ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन, अनुशासन एवं टीम भावना से यह सिद्ध कर दिया कि महिलाएं हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रही हैं। मातृ दिवस के अवसर पर प्राप्त यह ऐतिहासिक विजय पूरे रायसेन एवं विदिशा जिले के लिए गर्व और सम्मान का विषय बन गई है।
समस्त विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को इस शानदार उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी महोदय रायसेन जिला क्रीड़ा अधिकारी रायसेन प्राचार्य एवं टीम के कोच शुभचिंतकों ने हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की है।

Related Articles

Back to top button