मध्य प्रदेश

जनकल्याण योजना सम्मेलन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न

15 जून को सिलवानी में केंद्रीय मंत्री करेंगे सिविल अस्पताल का उद्घाटन
सिलवानी। आगामी 15 जून, सोमवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री के सिलवानी प्रवास को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस अवसर पर वे नव निर्मित सिविल अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। साथ ही भारत सरकार एवं मध्य प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें स्वीकृति पत्र एवं हितलाभों का वितरण भी करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर न्यू सिविल अस्पताल के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम अल्का सिंह, तहसीलदार सुधीर शुक्ला, जनपद पंचायत सीईओ नीलम रायकवार, नगर परिषद सीएमओ ऋषिकांत यादव, सिविल अस्पताल के बीएमओ डॉ. आर.एस. पटेल, कृषि विभाग के एसडीओ सुनील मालवीय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात, हितग्राहियों की उपस्थिति, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू एवं भाजपा नेता विभोर नायक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button