मध्य प्रदेश

छुट्टियां छोड़ हादसे में घायल युवक की बचाई जान, लौटे तो शहर ने किया सम्मान

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सड़क हादसे में घायल युवक की जान बचाने वाले बेगमगंज के चार डॉक्टरों का बुधवार को नागरिक सम्मान किया गया। महर्षि कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित समारोह में प्रशासन, सामाजिक संगठनों और नगरवासियों ने शाल, श्रीफल और स्मृति- चिन्ह देकर उनका अभिनंदन किया।
चार दिन पहले सीबीएमओ डॉ. नितिन सिंह तोमर, डॉ. चंद्रमोहन गुर्जर, डॉ. अमन सेन और डॉ. अभिषेक साहू छुट्टियों पर पंचमढ़ी जा रहे थे। इसी दौरान बरेली- भोपाल फोरलेन पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल नरेंद्र सिंह सड़क किनारे तड़प रहा था। डायल-112 अन्य घायलों को अस्पताल ले जा चुकी थी।
चारों डॉक्टरों ने बिना देर किए अपनी यात्रा रोक दी और घायल को निजी कार से सिविल अस्पताल बरेली के लिए रवाना हुए। रास्ते भर लगातार सीपीआर देकर उसकी सांसें बनाए रखीं। समय पर मिले उपचार से युवक की जान बच गई।
डॉक्टरों के इस मानवीय कार्य की प्रदेशभर में सराहना हुई। बुधवार को उनके बेगमगंज लौटने पर नगरवासियों ने भव्य स्वागत किया। समारोह में एसडीएम प्रियंका भलावी, तहसीलदार प्रमोद उईके, एसडीओपी सोनाली गुप्ता जनप्रतिनिधि, हिंदू उत्सव समिति, मुस्लिम त्योहार कमेटी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि चारों चिकित्सकों ने यह साबित किया है कि चिकित्सा केवल पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। एक अनजान युवक की जान बचाने के लिए छुट्टियां और निजी कार्यक्रम छोड़ना समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।

Related Articles

Back to top button