मध्य प्रदेश

लभेर नदी में तीन मगरमच्छों की दस्तक से ग्रामीण सहमें, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम कंजिया से होकर गुजरने वाली लभेर नदी में बुधवार सुबह एक साथ तीन विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया । ग्रामीणों द्वारा नदी में तीन बड़े मगरमच्छों को तैरते हुए देखने के बाद इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई, जिसके बाद विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है ।
ग्रामीणों का कहना है कि लभेर नदी लंबे समय से खेती-किसानी, मवेशियों और दैनिक उपयोग का प्रमुख जल स्रोत रही है । गांव के बुजुर्गों के अनुसार पहले इस नदी में मगरमच्छ नहीं दिखाई देते थे, लेकिन पिछले दो-तीन वर्षों से कभी-कभार इनके दिखाई देने की घटनाएं सामने आ रही हैं । हालांकि, पहली बार एक साथ तीन विशालकाय मगरमच्छ नजर आने से लोगों में भय का माहौल है ।
सूचना मिलते ही वन विकास निगम का अमला सक्रिय हो गया । वन विकास निगम (कुंडम परियोजना) के रेंजर जुहैद हुसैन ने बताया कि लभेर नदी में तीन मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना प्राप्त हुई है । मामले से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है तथा मगरमच्छों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए जल्द रेस्क्यू टीम बुलाई जाएगी । उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर गांव में मुनादी कराई जा रही है ताकि ग्रामीण नदी किनारे जाने से बचें और पूरी सतर्कता बरतें ।
वन विभाग ने ग्रामीणों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है । विभाग ने रेस्क्यू अभियान पूरा होने तक नदी तट से दूर रहने, मवेशियों को नदी में पानी पिलाने या नहलाने से बचने, बच्चों को नदी के आसपास न जाने देने तथा किसी भी आपात स्थिति या मगरमच्छ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है । अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ।

Related Articles

Back to top button