वनरक्षक पर दुर्घटना, मारपीट और झूठे प्रकरण का आरोप पीड़ित परिवार ने सौंपा ज्ञापन

वनरक्षक जुबेर खान द्वारा वन विभाग की सरकारी फोर व्हीलर वाहन से हेमंत आदिवासी को टक्कर मार दी, न्याय की गुहार लगाने पहुंच आदिवासी परिवार तहसीलदार को मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्री व अधिकारियों के नाम सोपे ज्ञापन
सिलवानी। बुधवार को घायल युवक हेमंत आदिवासी के परिजनों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर नायब तहसीलदार महेंद्र सिंह राजपूत को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वन विभाग के वनरक्षक जुबेर खान पर शासकीय वाहन से दुर्घटना करने, कथित मारपीट करने, घायल के उपचार की व्यवस्था नहीं करने तथा झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई।
आवेदिका कला बाई, निवासी वार्ड क्रमांक-2 जेल रोड सिलवानी ने बताया कि 16 जुलाई 2026 को उनका पुत्र हेमंत आदिवासी देवरी सोडरपुर मार्ग पर मोटरसाइकिल से जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान वनरक्षक जुबेर खान ने शासकीय चार पहिया वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में हेमंत आदिवासी सड़क से दूर खेत में जा गिरा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि दुर्घटना के बाद वनरक्षक द्वारा हेमंत के साथ मारपीट की गई। परिजनों का कहना है कि घटना को 20 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद घायल के उपचार, आर्थिक सहायता या राहत के लिए वन विभाग की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि वास्तविक घटना से ध्यान हटाने के लिए हेमंत आदिवासी के खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी का झूठा प्रकरण थाना सिलवानी में दर्ज कराया गया है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि वनरक्षक जुबेर खान का कुछ माह पूर्व स्थानांतरण हो चुका है, लेकिन उन्हें अभी तक कार्यमुक्त नहीं किया गया है।
ज्ञापन में संपूर्ण मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध वैधानिक एवं विभागीय कार्रवाई, घायल के समुचित उपचार व मुआवजा दिलाने तथा झूठी रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, मानव अधिकार आयोग, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी सिलवानी तथा डीएफओ रायसेन सहित अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में चरण आदिवासी, उमाबाई कलाबाई डोली आदिवासी गुड्डीबाई आदि प्रमुख हैं।
महेंद्र सिंह राजपूत नायब तहसीलदार सिलवानी का कहना है कि आदिवासी परिवार के द्वारा एक ज्ञापन दिया गया है अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को ज्ञापन प्रेषित किया गया है ।



