श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर में शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा हेतु भव्य शोभायात्रा, नगर हुआ शिवमय

सिलवानी। नगर स्थित श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर में आयोजित सात दिवसीय पंच कुंडात्मक श्री रूद्र महायज्ञ एवं शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची। आयोजन के प्रति श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया और पूरा नगर “हर-हर महादेव” एवं “बम-बम भोले” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
डीजे, ढोल-नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा में डीजे, ढोल-नगाड़ों और वाद्ययंत्रों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नगर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
विभिन्न वार्डों में विराजमान होंगे भगवान शिव
आयोजन समिति के अनुसार, प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत भगवान शिव की प्रतिमाएं नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित की जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर, वार्ड क्रमांक 14, अशोक विहार कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 15, बेगवां कला, वार्ड क्रमांक 01, आमपानी पानी, साईनाथ कॉलोनी में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इन मंदिरों में भगवान शिव विधिवत विराजमान होंगे।
सात दिवसीय रूद्र महायज्ञ का होगा समापन
नगर में चल रहे सात दिवसीय पंच कुंडात्मक श्री रूद्र महायज्ञ एवं शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का समापन वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा। यज्ञ में विद्वान आचार्यों द्वारा विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया जा रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ में आहुति देकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।
आयोजन समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया है। धार्मिक वातावरण और भक्ति भाव से सराबोर यह आयोजन नगर की आस्था, एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन गया है।
शोभायात्रा में पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत, क्षेत्रीय विधायक देवेन्द्र पटेल भी शामिल हुए। उन्होंने शिव परिवार की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

