मध्य प्रदेश

सोशल मीडिया पर कुर्मी समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का मामला गरमाया

ओबीसी महासभा व कुर्मी क्षत्रिय समाज ने राज्यपाल के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, NSA में कार्रवाई की मांग
सिलवानी। शनिवार को कुर्मी क्षत्रिय समाज, ओबीसी महासभा एवं समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन तहसीलदार सुधीर शुक्ला को सौंपकर मुरारी पाण्डे पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में उल्लेख किया कि दिनांक 30 नवंबर 2025 को रहली निवासी मुरारी पाण्डे पिता भगवत शरण उर्फ झुन्नी पाण्डे, निवासी ग्राम मड़िया संदई तहसील थाना रहली जिला सागर द्वारा सोशल मीडिया पर 6–7 मिनट का वीडियो वायरल किया गया, जिसमें कुर्मी क्षत्रिय समाज एवं किसान समाज के लोगों के विरुद्ध गाली-गलौज, जातिगत अपमानजनक शब्दों और अभद्र टिप्पणियों का उपयोग किया गया। जिला अध्यक्ष भरत पटेल ब्लाक अध्यक्ष अभय पटेल ने बताया कि मुरारी पाण्डे ने ना केवल कुर्मी क्षत्रिय समाज को अपमानित किया बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज व सरदार बल्लभभाई पटेल के प्रति भी आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ऐसी टिप्पणियाँ मानसिक और सामाजिक आघात पहुँचाने वाली हैं और सामाजिक सौहार्द को तोड़ने का प्रयास करती हैं।
एनएसए में कार्रवाई की मांग समाजजनों ने मांग की कि मुरारी पाण्डे पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत तत्काल कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि यदि कार्यवाही नहीं हुई तो क्षेत्र में सामाजिक संतुलन बिगड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस कृत्य से पूरे ब्राह्मण समाज की छवि भी धूमिल हुई है। इसलिए ब्राह्मण समाज से भी मुरारी पाण्डे को समाज से बहिष्कृत करने की अपील की गई, ताकि भविष्य में कोई और व्यक्ति ऐसी स्थिति न उत्पन्न करे।
समाजजनों ने प्रशासन से मांग की कि सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए सोशल मीडिया पर की गई जातिगत टिप्पणियों के आधार पर आरोपी पर कड़ी और तत्पर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द कायम रह सके।
समाज की संयुक्त उपस्थिति
ज्ञापन सौंपने वालों में भरत पटेल जिला अध्यक्ष, धर्मेन्द्र गौर महासचिव, जिला ऋषि पटेल कोषाध्यक्ष अर्जुन पटेल पूर्व जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि, ब्लाक अध्यक्ष अभय पटेल, पंकज पटेल, अंकुर पटेल, रणधीर पटेल, संजय पटेल, मनीष गौर, सौरभ पटेल, खुमान पटेल, दिनेश पेतेले, दलसिंह गौर, नीलेश गौर तथा कुर्मी समाज एवं ओबीसी महासभा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button