मच्छरों का प्रकोप:- पार्षद ने कराई साफ-सफाई, नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव

रिपोर्टर :मनीष यादव
पलेरा । नगर परिषद की वार्ड क्रमांक 7 में गंदगी के कारण मच्छरों का भारी प्रकोप है। यहां बिना मच्छरदानी व क्वाइल के सोना दूभर हो जाता है। मच्छरों के कारण लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। यहां के वार्ड वासियों ने भाजपा पार्षद प्रतिनिधि मुकेश यादव से कई बार साफ सफाई और एंटी लार्वा छिड़काव कराने की मांग की। जिस पर साफ सफाई शुरू हो गई। सोमवार को पार्षद प्रतिनिधि मुकेश यादव, स्वच्छता प्रभारी अरुण कुमार सोनी अपने स्वच्छता दल के साथ नगर की वार्ड क्रमांक 7 में पहुंचे। स्वच्छता कर्मचारियों ने मौके पर नालियों की सफाई करते हुए दबा का छिड़काव किया। मौके पर मौजूद नागरिकों ने पार्षद प्रतिनिधि को बताया कि भीषण गर्मी के समय में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। शाम होते ही मच्छर काटने लगते हैं। यहां तक कि कभी-कभी क्वाइल और मच्छर रोधी दवाएं काम नहीं करती हैं। नागरिक मच्छरों से बचने के लिए ऑलआउट भी इस्तेमाल कर रहे हैं। बावजूद इसके मच्छरों का प्रकोप कम नहीं हो रहा है, लोगों को डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों का भी डर सता रहा है। पार्षद प्रतिनिधि मुकेश यादव के द्वारा सोमवार की सुबह से ही नगर के वार्डों में नालियों की साफ सफाई कराने के साथ ही नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराने का कार्य शुरू कराया गया है। वहीं नगर परिषद कार्यालय के स्वच्छता प्रभारी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि इसी तरह नगर के सभी वार्डों में साफ सफाई कराने के साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाएगा।



