धजरई मंदिर से दमोह पुलिस ने 5 ठगों को पकड़ा

आरोपियों ने अजब धाम के महंत से की थी 20 लाख की ठगी
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । टीकमगढ़ जिले के ग्राम पंचायत धजरई से दमोह पुलिस ने गुरुवार को अंतरराज्यीय ठग गिरोह के 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दमोह जिले के अजब धाम फतेहपुर के महंत से ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों को धजरई मंदिर से गिरफ्तार किया है।
धजरई हनुमान मंदिर के महंत सीताराम दास महाराज ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने फतेहपुर मंदिर के महंत के साथ लाखों की ठगी की थी। मंदिर के महंत राम अनुग्रह दास छोटे सरकार के साथ इन लोग ने मंदिर पहुंच कर खुद को पत्थर व्यापारी बताया था। मंदिर में ग्रेनाइट लगवाने के बहाने यह लोग महंत से करीब 20 लाख रुपए ले आए थे।
इसके बाद आरोपी वहां से आ गए और बाद में इनके फोन नंबर बंद हो गए थे। उन्होंने बताया कि यह लोग पहले भी इसी प्रकार से अन्य मंदिरों में ठगी कर चुके हैं। इसकी शिकायत होने पर पुलिस लगातार इनके एक दर्जन नंबरों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों के एक नंबर से धजरई मंदिर के महंत सीताराम दास से फोन पर बात हुई है। इसके बाद अजब धाम के महंत ने उनसे बात कर पूरी घटना बताई।
महंत ने झांसा देकर ठगों को बुलाया
महंत सीताराम दास महाराज के पास जैसे ही इन ठगों का फोन आया तो उन्होंने अपने आश्रम बुलाया। यह ठग सीताराम दास महाराज से कथा के नाम पर संपर्क कर रहे थे। गुरुवार को उनके आने पर सीताराम दास महाराज ने अजब धाम के महंत को सूचित किया और दमोह पुलिस सक्रिय हो गई। इसके बाद दमोह पुलिस ने टीकमगढ़ की देहात थाना पुलिस के साथ पांच ठगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें 3 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल है।
दमोह पुलिस आरोपियों को साथ ले गई
इस मामले में देहात थाना प्रभारी रवि गुप्ता ने बताया कि दमोह के फतेहपुर थाने में मंदिर में ठगी का मामला दर्ज था। आज यह ठग धरजई आश्रम आए थे। दमोह पुलिस 5 लोगों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।



