स्वच्छता पर लाखों खर्च के बावजूद भी नतीजा सिफर नगर में लगा गंदगी का अंबार, कार्यवाही की मांग
सिलवानी। नगर में स्वच्छता अभियान पूरी तरह से फेल हो गया है। सफाई के नाम लाखों रुपए खर्च करने के बाद नतीजा सिफर ही है। समूचे नगर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं लेकिन सफाई कर्मी कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। सफाई कर्मियों के गायब रहने एवं मनमर्जी से काम करने के चलते स्थिति नरकीय हो गई है। समुचित जल निकासी की व्यवस्था न होने से नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है। धूप व भीषण गर्मी की वजह से नाली के पानी से निकलने वाली दुर्गन्ध ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गंदगी की वजह से नगर में संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है। इतने के बाद भी किसी जिम्मेदार अधिकारी की नजर नहीं है। नगर के नागरिकों ने बताया कि नगर परिषद कार्यालय में कई बार स्वच्छता संबंधी शिकायत की गई। जिसके बावजूद कोई कार्यवाही न होने से लोगों में आक्रोश है। यहां बता दें कि नगर को सुंदर बनाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन द्वारा लाखों से अधिक की निधि स्वच्छता पर खर्च की जाती है। लेकिन नगर की स्वच्छता अब तक नहीं हो पाई है। नगर की सुंदरता पर अभी भी अस्वच्छता का दाग लगा नजर आ रहा है। जिस तरह से प्रशासन द्वारा नियमों के तहत स्वच्छता पर निधि खर्च की जा रही है। ठीक उसी तरह स्वच्छता बरकरार रखने के लिए भी अधिकारों का इस्तेमाल करना चाहिए। तभी स्वच्छता पर किए गए लाखों रुपए का लाभ निखरता दिखेगा।



