अब घर तक पहुंचेगा वोटर आईडी :चुनाव आयोग और डाक विभाग के बीच हुआ समझौता
वोटरों तक निशुल्क पहुंचेगा मतदाता पहचान पत्र
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन।चुनाव आयोग की ओर से शुरू की गई नई व्यवस्था के तहत अब वोटर आईडी कार्ड बीएलओ नहीं बल्कि डाक विभाग के माध्यम से स्पीड पोस्ट से मतदाताओं के घर पहुंचाए जाएंगे। जिले के 4 विधानसभा क्षेत्र सहित विदिशा रायसेन संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के नए मतदाताओं सहित जिलेभर में ये व्यवस्था मिलेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अरविंद दुबे ने बताया कि इसके चलते नए मतदाताओं को आवेदन के बाद अपना नया वोटर आईडी कार्ड लेने के लिए अब बीएलओ व जिला निर्वाचन कार्यालय के चक्कर नहीं काटना पड़ेंगे। वोटर कार्ड स्पीड पोस्ट के माध्यम से घर तक आएंगे।
मतदाताओं को कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा……
स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के अनुसार चुनाव आयोग ने मतदाता की सुविधा के लिए व्यवस्था में बदलाव करते हुए वोटर कार्ड पहुंचाने की जिम्मेदारी बूथ लेवल ऑफिसर बीएलओ से लेकर डाक विभाग को दी है। इसलिए अब स्पीड पोस्ट से वोटर कार्ड आएंगे। इसके लिए मतदाता को कोई शुल्क नहीं देना होगा। डाक का खर्च चुनाव आयोग उठाएगा।
पोस्ट आफिस से डाकिया कार्ड लेकर संबधित मतदाता के घर पहुंचाने का काम करेंगे। ई-पिन नंबर जनरेट होने के बाद घर पर कार्ड पहुंचा दिया जाएगा। संबंधित मतदाता को कार्ड भेजने का मैसेज उसके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मिलेगा। इससे कार्ड ट्रैकिंग में आसानी होगी।



