क्राइम

बुजुर्ग किसान ने लुटेरों का पीछा कर नोटों की गड्डी छीनी, किसान ने पीछा कर पकड़ा एक लुटेरे को

50 मीटर घिसट गया बुजुर्ग, लेकिन लुटेरे को नहीं छोड़ा,
बाइक पकडऩे में घिसटकर घायल हुआ किसान

रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन।
थाना कोतवाली के तहत सागर रोड स्थित मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक से एक लाख बीस हजार रुपए निकालकर काउंटर पर ही खड़े होकर रुपए गिन रहे किसान के हाथ से 50 हजार रुपए की एक गड्डी छीनकर दो लुटेरों ने बैंक के बाहर दौड़ लगा दी।लेकिन बुजुर्ग किसान हबीब खान ने हौसला दिखाते हुए लुटेरे का पीछा किया और जब लुटेरा अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक से भागने की कोशिश कर रहा था। तब ही उसे पकड़ लिया। इस दौरान किसान हबीब खान लगभग 50 मीटर तक सड़क पर घिसट गया, लेकिन उसने लुटेरे को नहीं छोड़ा, उसके हाथ से रुपयों की गड्डी भी छीन ली, लेकिन इसके कुछ नोट फट गए। इस बीच पहुंचे आस-पास के लोगों ने लुटेरे को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना सोमवार दोपहर लगभग एक बजे की है, ग्राम मउपथरई निवासी किसान हबीब खान दोपहर एक बजे के करीब मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक, सागर रोड से पैसे निकालने के लिए पहुंचा। उसने बैंक से एक लाख 20 हजार रुपए निकाले और बैंक में ही गिनने लगा। पांच के सौ नोट की एक गड्डी गिनकर जेब में रखी और दूसरी गड्डी गिन रहा था। इसी दौरान बैंक के अंदर दो लड़के आए और हबीब खान को चाकू दिखाकर उसके हाथ से नोटों की एक गड्डी छीन कर बैंक के बाहर खड़ी काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल स्टार्ट कर भोपाल की तरफ भागने लगे। किसान हबीब खान ने दौड़कर पीछे वाले लुटेरे को पकड़ लिया, लेकिन बदमाशों ने मोटरसाइकिल दौड़ा दी, जिसके कारण हबीब खान पीछे घिसटता गया। इस दौरान बदमाशों ने नोटों की गड्डी से एक-एक, दो-दो नोट फेंकना शुरू कर दिया। ताकि हबीब खान उसे छोड़ दे। परन्तु हबीब खान ने हिम्मत दिखाते हुए पीछे बैठे बदमाश को चलती मोटर साईकिल से नीचे पटक लिया। दूसरा बदमाश भाग गया। नीचे गिरे बदमाश ने हबीब खान पर लातमुक्कों से हमला कर भागने का प्रयास किया गया। इसी दौरान आसपास के लोग पहुंच गए और उसे पकड़ लिया। फरियादी हबीब खान। की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 394 भादवि के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया।
पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम रिजवान हुसैन पुत्र आसिफ हुसैन निवासी अमन कलोनी करोंद भोपाल का निवासी होना बताया। पुलिस ने रिजवान से लूट के 25,500 रुपए जब्त किए,। बाकी 24, 500 रुपए उसका साथी लेकर भाग गया। पुलिस द्वारा फरार लड़के के संबंध में पूछताछ की जा रही है। फरियादी हबीब खान द्वारा अदम्य साहस दिखाने एवं बदमाश से मुकाबला करने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल ने उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Related Articles

Back to top button