किसानों ने सौंपा ज्ञापन, बीमा क्लेम, मुआवजा और मूंग भुगतान की उठाई मांग
सिलवानी। किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले सोमवार को किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी हर्षल चौधरी को ज्ञापन सौंपकर रवि व खरीफ फसल के बीमा क्लेम, अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त फसलों का मुआवजा और मूंग की शेष राशि का भुगतान तत्काल दिलाए जाने की मांग की।किसानों ने बताया कि रवि और खरीफ की बीमा राशि 17 करोड़ 16 लाख 19 हजार 990 रुपये शासन से आई है, लेकिन अब तक किसानों को पूरा लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021-22 में भी बीमा क्लेम लंबित रह गया था। उस समय एसबीआई सिलवानी सहित अन्य बैंकों ने बीमा पोर्टल पर प्रीमियम प्रविष्टि नहीं की थी जिसके कारण हजारों किसान राशि से वंचित रह गए।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली विभाग ने बिना जानकारी के मोटर कनेक्शन 3 एचपी से बढ़ाकर 5 और 7 एचपी कर दिए जिससे बिल बढ़ गए। विरोध के बाद विभागीय अधिकारियों ने हॉर्स पावर कम करने का आश्वासन तो दिया था लेकिन अमल नहीं हुआ। किसानों ने मौके पर जांच कर पंचनामा बनाने की मांग की।
उन्होंने खरीफ 2025 में अतिवृष्टि व बाढ़ से हुई फसल क्षति का सर्वे कर शीघ्र मुआवजा और बीमा क्लेम राशि जारी करने की मांग की। साथ ही कहा कि मूंग की तुलाई को एक माह हो चुका है, लेकिन शेष किसानों का भुगतान अभी तक लंबित है जिसे तत्काल निपटाया जाए।
किसान मजदूर महासंघ के संभागीय मीडिया प्रभारी शिवकुमार रघुवंशी ने बताया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो किसान मजदूर महासंघ धरना आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे जिसकी जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में रूप बसंत रघुवंशी, सुरजीत सिंह नागर, भरत पटेल, कृष्ण कुमार, बृजेश शर्मा, विजय सिंह राजपूत, साहब सिंह धाकड़, मनमोहन रघुवंशी, अंकित कुमार, गुलशन पटेल, विश्वनाथ सिंह रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।



