नगर की गंदगी बाद में ढूंढिए साहब, पहले अपने ऑफिसों और बंगलों के पास फैला कचरा तो हटवा दीजिए
ऐसे कैसे चलेगा स्वच्छता अभियान: नगर परिषद प्रशासक, सीएमओ के रहवास के पास गंदगी
सिलवानी। नगर की गंदगी बाद में ढूंढिए साहब पहले अपने दफ्तरों और रहवास के पास व शासकीय कार्यालयों के पास फैली गंदगी तो हटा लीजिए। जबकि नगर के जिम्मेदार अधिकारी खानापूर्ति के लिए नालियों की सफाई कर व हाथों में झाड़ू पकड़कर स्वच्छता अभियान का संदेश देते हैं। जबकि हकीकत यह है कि नगर में जिम्मेदार अधिकारियों के कार्यालय व निवास सहित सार्वजनिक स्थानों पर ही बेजा गंदगी बनी हुई है। गौरतलब है कि नगर में गंदगी पर नजर डाली जाए तो अनुविभागीय अधिकारी के निवास के पास सहित कई सरकारी क्वार्टर के पास बेजा गंदगी बनी हुई है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि नगर में ऐसे कैसे स्वच्छता अभियान चलेगा और इसका कैसे पूर्ण रूप से पालन होगा।
हास्य का विषय बना हुआ है स्वच्छता संदेश
नगर के बस स्टैंड, शिवाजी नगर, बजरंग चौराहा पर दिए जाने वाला स्वच्छता का संदेश इन दिनों हास्य का विषय बना हुआ है। नागरिकों का कहना है कि अधिकारियों के दफ्तरों के पास ही जब गंदगी पड़ी हुई है, तो नगर कैसे स्वच्छत रह सकता है। स्वच्छता संदेश मह मात्र खानापूर्ति, वाहवाही लूटने व शासन के दबाव में किए जाने तक सीमित बना हुआ है।




