100 स्थानों पर सजेगा गणपति बप्पा के दरबार, 27 अगस्त से विराजेंगे बप्पा

ब्यूरो चीफ़: शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर में गणेशोत्सव की रौनक दिखने लगी है। इस बार 27 अगस्त से शुरू होने वाले पर्व के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। शहरभर में 100 से अधिक स्थानों पर पंडाल सजाए जा रहे हैं, जहां भक्तजन हर्षोल्लास के साथ श्रीगणेश की प्रतिमाओं की स्थापना करेंगे।
मूर्तिकारों की व्यस्तता इन दिनों चरम पर है। बड़ी और छोटी मूर्तियों को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है। मूर्तिकार जनक प्रजापति ने बताया कि प्रतिमा बनाने की तैयारी दो महीने पहले से शुरू हो जाती है। पांच से छह फीट की मूर्ति बनाने में 15 से 20 दिन लगते हैं, वहीं तीन-चार फीट की मूर्तियां अपेक्षाकृत जल्दी तैयार हो जाती हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतिमाओं को बनाने में स्थानीय मिट्टी, घास- फूस और बांस की लकड़ियों का उपयोग किया जाता है। इसके अलावा आकर्षक सजावट के लिए बाहर से मोती, रंगीन स्टोन, चमकदार पाउडर और सजावटी सामग्री मंगाई जाती है। खासतौर पर बनारस और सूरत से आए सामान प्रतिमाओं की सुंदरता बढ़ाते हैं।
मूर्तिकारों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बावजूद कोशिश यही रहती है कि प्रतिमाएं भक्तों को सुलभ दामों में उपलब्ध हों। इस बार नगर के विभिन्न मोहल्लों, मंदिरों और पंडालों में करीब 100 गणेश प्रतिमाओं की स्थापना होगी। गणेशोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक आयोजन और धार्मिक कार्यक्रमों से पूरा नगर भक्तिमय हो जाएगा।

