नगर में गर्मी से पहले पानी की तैयारी : फिल्टर प्लांट से लेकर मोटर मरम्मत तक के सुझाव

जल समस्या को लेकर पार्षदों और अध्यक्ष ने की बैठक
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । आगामी दिनों में बढ़ती सर्दी के बाद गर्मी एवं आम दिनों में संभावित जल संकट से निपटने के लिए पार्षदों एवं अध्यक्ष ने औपचारिक बैठक आयोजित की। बैठक में नपा अध्यक्ष संदीप लोधी, उपाध्यक्ष सुदर्शन घोषी सहित कई पार्षद व प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह था कि गर्मी एवं अन्य दिनों में नगरवासियों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े और जल आपूर्ति व्यवस्थित ढंग से जारी रहे।
बैठक में सबसे पहले नगर की मौजूदा स्थिति पर चर्चा हुई। पार्षदों ने सुझाव दिया कि फिल्टर प्लांट की तत्काल मरम्मत करवाई जाए, ताकि शुद्ध पानी की आपूर्ति में कोई रुकावट न हो। इसके साथ ही इंटेक्स बेल की मरम्मत और नियमित साफ- सफाई का मुद्दा भी उठाया गया। कई पार्षदों ने बताया कि मोटरों के बार-बार खराब होने से जल आपूर्ति बाधित होती है, इसलिए विशेषज्ञ टेक्निशियनों से जांच कराकर स्थायी समाधान निकाला जाए।
अध्यक्ष संदीप लोधी ने कहा कि जल आपूर्ति नगरवासियों की सबसे पहली जरूरत है और किसी भी स्थिति में इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जल शाखा के संबंधित कर्मचारी को निर्देश दिए कि मोटरों को समय- समय पर दुरुस्त कराया जाए और खराब होने की स्थिति में तत्काल मरम्मत की व्यवस्था की जाए। उपाध्यक्ष सुदर्शन घोषी ने भी सुझाव दिया कि पाइपलाइन लीकेज को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के लिए अलग टीम बनाई जाए, बिना टोटी के कनेक्शन पर पाबंदी लगाई जाए ताकि पानी की बर्बादी न हो और लोगों को समय पर पर्याप्त पानी मिल सके।
बैठक में पार्षद राजेश यादव, प्रवीण जैन पिंटू, लोकराज ठाकुर, ओमकार यादव के अलावा पार्षद प्रतिनिधि रवि राज, राजीव दुबे, बृजेश लोधी, अकरम पटेल, जफर शाह,महेश साहू, अहमद अली आदि मौजूद रहे। सभी ने मिलकर यह भरोसा जताया कि सामूहिक प्रयासों से नगर में जल संकट की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी।
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि नपा स्तर पर एक कार्ययोजना तैयार की जाएगी जिसमें फिल्टर प्लांट से लेकर मोटरों की दुरुस्ती और पाइपलाइन सुधार तक के कार्य शामिल होंगे। साथ ही नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पानी की आपूर्ति निर्बाध रूप से होती रहे।



