मंडल प्रतापगढ़ के नारायणपुर में सांसद खेल महोत्सव क्रिकेट का भव्य समापन

सिलवानी। अंचल नारायणपुर (प्रतापगढ़) प्रतापगढ़ के ग्राम नारायणपुर स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में बुधवार को सांसद खेल महोत्सव के क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के खेलो इंडिया एवं फिट युवा–विकसित भारत अभियान के तहत आयोजित इस महोत्सव में प्रतापगढ़ मंडल के अंतर्गत आने वाले लगभग 36 ग्राम पंचायतों से 1200–1500 खिलाड़ियों व विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह के ज्येष्ठ पुत्र दुर्गेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि एवं मंडल अध्यक्ष पप्पू ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
गांवों में छिपी प्रतिभाओं का उजागर होना—दुर्गेश प्रताप सिंह
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दुर्गेश प्रताप सिंह ने कहा कि नारायणपुर में सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत से लेकर समापन तक का यह आयोजन ऐतिहासिक रहा है। यह मंच उन पारंपरिक एवं ग्रामीण खेलों के विकास में मील का पत्थर साबित होगा, जिनमें गांव–शहर की अपार प्रतिभाएँ छिपी हुई हैं।
उन्होंने बुंदेलखंड के गांव से उभरकर राष्ट्रीय मंच तक पहुँची प्रतिभाशाली बेटी क्रांति गौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि ग्रामीण भारत खेल क्षमता से भरा हुआ है, बस उसे मंच और मार्गदर्शन की आवश्यकता है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर केदार जाधव ने की पहल की सराहना
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर केदार जाधव ने सांसद खेल महोत्सव जैसी पहल को छोटे शहरों व ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की युवा सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
फाइनल मुकाबले में खमरिया विजेता, हिनोतिया उपविजेता
एक माह तक चले इस महोत्सव का क्रिकेट कार्यक्रम एक सप्ताह तक चला। फाइनल मुकाबले में खमरिया की टीम विजेता तथा हिनोतिया उपविजेता रही।
मुख्य अतिथि दुर्गेश प्रताप सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
अगला चरण विधानसभा एवं लोकसभा स्तर पर
समापन समारोह में बताया गया कि फाइनल में विजयी टीम अब विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में खेलेगी। इसके बाद अंतिम चरण लोकसभा स्तर पर आयोजित होगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पप्पू ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य राकेश उइके, पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय शुक्ला, सरपंच रमेश सल्लाम, राजेश राय, छोटू पटेल, महामंत्री संतोष रघुवंशी, सर्वेश खरे, विक्रम शाह, कैलाश तुमराम, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष हेमेंद्र राठौर, धनराज सिंह, रामदयाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



