संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने हड़ताल स्थगित, स्वास्थ्य सेवाएं लड़खड़ा गई थी
15 दिनों के लिए हड़ताल की स्थगित…
भोपाल। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी के आह्वान पर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया है। मंत्री डॉ. चौधरी से प्रदेश कार्यकारिणी संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने विभिन्न चरणों में बैठकों के उपरांत अपना आंदोलन समाप्त कर दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने बताया कि संविदा कर्मचारी के कल्याण के लिए 05 जून 2018 की नीति संबंधित प्रक्रिया के लिए 15 दिवस के अंदर कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने बताया कि एनएचएम के निष्काषित कर्मचारी एवं आऊटसोर्सेस कर्मचारी के लिए पुर्ननियोजन की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ कर दी गई है।
मंत्री डॉ. चौधरी ने बताया कि कोविड-19 संक्रमण महामारी के चलते प्रदेश की जनता को हो रही समस्या और स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारू रूप से संचालन को दृष्टिगत रखते हुए संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया है। इस अवसर पर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह भदौरिया, प्रांतीय संयोजक अमिताभ चौबे एवं संघ कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित थे।
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रांतीय आव्हान प्रदेश के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले गए थे जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाये लड़खड़ा गई थी। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की मांग थी कि संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी को समान कार्य समान वेतन के अनुसार नियमित समकक्ष पोस्ट पर 90 प्रतिशत वेतन दिया जाए और 2018 की नीति लागू की जाए। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी निष्काषित एवं बाहर किये गये साथियों के विभाग में पुनः वापिसी की मांग को लेकर अनिश्चित कालीन हड़ताल पर थे।