बम्होरी में अतिक्रमण हटाने की मुहिम, पुलिस की सख्ती से सड़क हुई पूरी तरह मुक्त

रिपोर्टर : विपिन शर्मा
बम्होरी। कस्बा बम्होरी में सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए न्यू मार्केट बस स्टैंड से लेकर पूरे मुख्य मार्ग तक सड़क पर रखे सामान, टेबल, पलंग सहित अन्य अतिक्रमण को हटवाया। इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी प्रीतम सिंह राजपूत ने किया, जिनके साथ पुलिस का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
अतिक्रमण के कारण लगभग 15 फीट चौड़ी सड़क संकरी होकर केवल एक वाहन के निकलने योग्य रह गई थी, जिससे आए दिन यातायात बाधित हो रहा था। आज की कार्रवाई में सड़क को पूरी तरह खाली कराया गया, जिससे आवागमन सुचारू हो सका।
पुलिस द्वारा दुकानदारों को सख्त समझाइश दी गई कि भविष्य में कोई भी दुकानदार अपनी दुकान से बाहर सड़क पर सामान न रखे, अन्यथा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान से कस्बे के नागरिकों में खुशी देखने को मिली। ग्रामवासियों ने कहा कि इस तरह की मुहिम से बाजार में रौनक बढ़ती है और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होती है। वहीं कई दुकानदारों ने भी कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटने से अब उनकी दुकानें साफ दिखाई देने लगी हैं, जिससे व्यापार में भी लाभ होगा।
पुलिस प्रशासन की इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।



