इमालिया घाट उपकेंद्र में पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि, 15 गांवों को मिलेगा बेहतर विद्युत प्रदाय

जिला ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । जिले के तेंदूखेड़ा वितरण केंद्र अंतर्गत स्थित उपकेंद्र इमालिया घाट में विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता में वृद्धि का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
दिनांक 3 जनवरी 2026 को अधीक्षण अभियंता के दिशा-निर्देश एवं कार्यपालन अभियंता दक्षिण संभाग दमोह तथा कार्यपालन अभियंता एस.टी.सी./एस.टी.एम. दमोह के मार्गदर्शन में उपकेंद्र पर पूर्व में स्थापित 3.15 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 5 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर संयोजित किया गया।
ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि के पश्चात इमालिया घरेलू एवं कृषि फीडर से जुड़े लगभग 15 गांवों के उपभोक्ताओं को अब गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी। इससे विगत समय से अतिरिक्त भार के कारण उत्पन्न हो रही लो वोल्टेज, बार-बार विद्युत बाधित होने जैसी समस्याओं से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।
उक्त कार्य के दौरान एस.टी.सी./एस.टी.एम. दमोह के कनिष्ठ अभियंता श्री राघवेंद्र परते जी, वितरण केंद्र में पदस्थ प्रभारी श्री एस.डी. अहिरवार सहित दोनों टीमों के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी के समन्वित प्रयास से कार्य को समयबद्ध एवं सुरक्षित रूप से पूर्ण किया गया।
विद्युत विभाग द्वारा किए गए इस कार्य से क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा ग्रामीण एवं कृषक उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।



