धनतेरस पर खिलखिलाया बाजार, दीपोत्सव की धूम शुरू

सिलवानी। शनिवार को धनतेरस के पावन अवसर पर भगवान धन्वंतरि की पूजा के साथ ही नगर में पांच दिवसीय दीपोत्सव का शुभारंभ हो गया। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता नगर दीपों की छटा से आलोकित हो उठा है। आकाशदीपों की सजी कतारों ने आकाश को भी सजाया हुआ है।
धनतेरस पर नगर में खरीदारी को लेकर भारी उत्साह देखा गया। बाजारों में चहल-पहल बनी रही और लोगों ने जमकर खरीदारी की। अनुमान है कि सिलवानी में इस बार रिकॉर्ड कारोबार हुआ है। सबसे ज्यादा रौनक ऑटोमोबाइल सेक्टर में देखने को मिली, जहां इलेक्ट्रिक वाहनों को लोगों ने हाथों-हाथ लिया। इसके अलावा सराफा बाजार में भी भारी भीड़ उमड़ी। सोने-चांदी के जेवरातों की जमकर खरीदारी हुई।
इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, कपड़ा, मिठाई और पटाखों के बाजार भी खरीदारों से गुलजार रहे। लोगों ने खरीदारी के बाद शाम को मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
अब रविवार को रूप चौदस और नरक चतुर्दशी का पर्व मनाया जाएगा, जबकि सोमवार को दीपावली का मुख्य पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। दीपों की जगमगाहट और उल्लास के साथ नगर में त्योहारों का रंग चढ़ चुका है।



